बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध कबाड़ी कारोबार पर शिकंजा, ₹2.13 लाख का संदिग्ध कबाड़ जब्त
बालोद। जिले में अवैध कबाड़ी कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में ₹2.13 लाख मूल्य का संदिग्ध कबाड़ जब्त किया है। पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज संचालित हो रहे कबाड़ी कारोबार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की आशंका वाले वाहन पार्ट्स और पुराने टायर बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई बघमरा बायपास रोड स्थित एक कबाड़ी दुकान पर की गई, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर विभिन्न वाहनों के कटे हुए लोहे के पार्ट्स और पुराने टायर बरामद किए। संचालक से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस मामले में 2,070 किलोग्राम लोहे का कबाड़ और 15 पुराने टायर सहित कुल ₹1.18 लाख से अधिक मूल्य का सामान जब्त किया गया।
दूसरी कार्रवाई हीरापुर चौक, दुर्ग रोड स्थित एक अन्य कबाड़ी दुकान में की गई। यहां भी संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने 1,650 किलोग्राम लोहे के वाहन पार्ट्स और 15 पुराने टायर जब्त किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹94,500 आंकी गई।
दोनों मामलों में कुल 3,720 किलोग्राम लोहे के वाहन पार्ट्स, 30 पुराने कार, ट्रक एवं मैजिक वाहन के टायर सहित कुल ₹2,13,000 मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। चोरी की आशंका के आधार पर कबाड़ जब्त करते हुए दोनों संचालकों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 106 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध कबाड़ी कारोबार या चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
