उजियारा अभियान में बान्दे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.300 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, ₹2.10 लाख का मादक पदार्थ जब्त
कांकेर। जिले में चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बान्दे पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घर में अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4.300 किलोग्राम गांजा और नकदी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना बान्दे पुलिस और 94वीं बटालियन बीएसएफ बान्दे की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम कुरेनार लोहारपारा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी सालिक राम आंचला (50 वर्ष) के कब्जे से 4.300 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2.10 लाख है, बरामद किया गया। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त ₹500 नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बान्दे में अपराध क्रमांक 61/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जब्त सामग्री
- 4.300 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹2.10 लाख)
- गांजा बिक्री की ₹500 नकद राशि
