ग्वालियर पुलिस की डिजिटल मुहिम रंग लाई, 451 गुम मोबाइल बरामद कर लौटाई लोगों के चेहरों पर मुस्कान
ग्वालियर। गुम या खोए मोबाइल की तलाश में परेशान नागरिकों के लिए ग्वालियर पुलिस की साइबर सेल ने बड़ी राहत पहुंचाई है। CEIR पोर्टल के जरिए पिछले तीन महीनों में 451 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब ₹1.03 करोड़ है। अलग-अलग राज्यों और शहरों से मोबाइल खोजकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
CEIR पोर्टल बना पुलिस की डिजिटल ताकत

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन में साइबर सेल को गुम मोबाइलों की तलाश और बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी माध्यमों से मोबाइलों को ट्रेस किया और लगातार कार्रवाई करते हुए उन्हें बरामद किया।
बरामद किए गए मोबाइलों में शिक्षिका, गृहिणी, छात्रा, प्रोफेसर, ड्राइवर समेत अलग-अलग वर्ग के लोगों के फोन शामिल हैं। कई लोगों के लिए मोबाइल महज एक डिवाइस नहीं, बल्कि रोजमर्रा के काम, पढ़ाई और परिवार से जुड़ी महत्वपूर्ण जरूरत था। मोबाइल वापस मिलने पर उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने ग्वालियर पुलिस एवं साइबर सेल की टीम का आभार जताया।

पुलिस के साथ जागरूक नागरिकों ने भी निभाई जिम्मेदारी
ग्वालियर पुलिस ने उन जागरूक नागरिकों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने लावारिस मिले मोबाइल पुलिस को सौंपकर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाने में मदद की। पवन कुशवाह, भोजराज सिंह चौहान, भोगीराम (लल्ला) मंडेलिया और मनोज चौरसिया को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल की टीम के इस उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।
तकनीक और तत्परता का बेहतरीन उदाहरण
ग्वालियर पुलिस की यह कार्रवाई दिखाती है कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और पुलिस की सक्रियता से गुम मोबाइलों को देश के अलग-अलग हिस्सों से भी खोजा जा सकता है। साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई ने न केवल करीब ₹1.03 करोड़ मूल्य के मोबाइल वापस दिलाए, बल्कि नागरिकों का पुलिस पर भरोसा भी और मजबूत किया है।
