ग्रीन फार्म हाउस में लाखों की चोरी का खुलासा: सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार, 10.56 लाख का मशरूका व वाहन जब्त

0

राजनांदगांव जिले के थाना सोमनी क्षेत्र में स्थित ग्राम देवादा के सेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना सोमनी पुलिस और साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार फार्म हाउस के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने एसी आउटडोर यूनिट, सबमर्सिबल पंप, वाटर पंप, एचपी व एचटीपी पंप, सीसीटीवी कैमरे और ब्लूटूथ साउंड बॉक्स सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले की रिपोर्ट पर थाना सोमनी में अपराध क्रमांक 164/26 के तहत धारा 305(ए) और 331(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से प्राप्त जानकारी, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर सूचना के आधार पर संदेहियों की पतासाजी शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने विजय सोनवानी, निवासी ग्राम धीरी आबादीपारा, थाना सोमनी और नागेश्वर प्रसाद साहू, निवासी ग्राम खल्लारी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों के कब्जे से 8 नग वोल्टास कंपनी के एसी आउटडोर, 1 नग गोदरेज कंपनी का एसी, 1 नग किसान क्राप कंपनी का एचटीपी पंप तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त वाहन क्रमांक CG 07 CK 3327 जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 56 हजार रुपये है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश और शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम की कार्रवाई जारी है।

सोमनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर, प्रतिष्ठान, फार्म हाउस और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों को चालू स्थिति में रखें तथा आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतें। किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *