चिल्फी बॉर्डर पर कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुप्त चेंबर से 447 किलो से अधिक गांजा बरामद, ₹2.50 करोड़ का मशरूका जप्त
कबीरधाम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी बॉर्डर पर एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना चिल्फी पुलिस ने एनएच-30 पर संदिग्ध कंटेनर ट्रक की जांच के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया।

पुलिस के अनुसार कंटेनर ट्रक में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से 04 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा जप्त किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जप्त किए। जप्त गांजा, वाहन और मोबाइल सहित कुल मशरूका की अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 आंकी गई है।

मामले में एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कबीरधाम पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई पर राजनांदगांव रेंज के आईजी श्री अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए ₹25,000 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
नशे के खिलाफ कबीरधाम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
