Rajnandgaon Police DJ Guidelines: जन्माष्टमी और गणेश उत्सव से पहले डीजे संचालकों को सख्त निर्देश, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

0
792252945_1482933053870906_9036990135275764094_n

आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने डीजे संचालकों की बैठक लेकर ध्वनि प्रदूषण और निर्धारित समय सीमा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव एवं पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन द्वारा जन संवाद कक्ष में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 50 से अधिक डीजे संचालक शामिल हुए।

बैठक के दौरान संचालकों को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों एवं ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल एवं अन्य शांत या संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास तेज आवाज में डीजे का संचालन नहीं किया जाएगा।

डीजे और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अनावश्यक रूप से अधिक संख्या में डीजे बॉक्स और स्पीकर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने से बचने के लिए कहा गया।

पुलिस ने रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन पर लागू प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों और निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीजे संचालक अथवा आयोजक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने डीजे संचालकों और आयोजकों से अपील की कि त्योहार आस्था, उमंग और भाईचारे के प्रतीक हैं। उत्सव जरूर मनाएं, लेकिन किसी की शांति, स्वास्थ्य और सुविधा प्रभावित न हो। निर्धारित अनुमति, समय सीमा और ध्वनि मानकों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

बैठक में डीजे संचालकों ने भी पुलिस के निर्देशों का पालन करने और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने पर सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *