दुर्ग में पुलिस और SBI की पहल, साइबर जागरूकता रथ रवाना | Cyber Fraud Awareness
Photo Courtesy X@PoliceDurg
भिलाई के पुलिस नियंत्रण कक्ष परिसर से रविवार को साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह पहल दुर्ग पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई है। इस रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने रथ का शुभारंभ किया। इस दौरान एएसपी सुखनंदन राठौर, एएसपी पद्मश्री तंवर, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी सहित बैंक अधिकारियों की मौजूदगी रही। अधिकारियों ने बताया कि रथ शहर के प्रमुख स्थानों पर पहुँचकर नुक्कड़ नाटक, ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति और संवादों के जरिये लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1930 का प्रचार-प्रसार भी इस अभियान के माध्यम से किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। वहीं SBI प्रतिनिधियों ने अपील की कि लोग इस पहल से जुड़कर अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुँचाएँ।
