बालोद पुलिस का साइबर, नशामुक्ति व यातायात जागरूकता अभियान
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के कुशल नेतृत्व, अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी श्री देवांश सिंह राठौर के पर्यवेक्षण में बालोद पुलिस द्वारा निरंतर साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना लोहारा क्षेत्र के ग्राम धनगांव में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक सहित अन्य बैंकों के संयुक्त शिविर में ग्रामवासी, सरपंच, पंच, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने समझाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Facebook और Instagram पर शॉपिंग न करें, केवल मान्यता प्राप्त ई-कॉमर्स साइट्स का ही उपयोग करें। साथ ही अज्ञात ट्रेडिंग ऐप्स या लिंक न खोलने और किसी भी खबर को बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की गई।
शिविर में लोगों को बताया गया कि .apk फाइलें आपके मोबाइल का डेटा चुरा सकती हैं और बैंकिंग ऐप्स को हैक कर सकती हैं। इसलिए “Unknown Sources” से इंस्टॉलेशन की अनुमति हमेशा बंद रखना चाहिए। इसके अलावा ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करने की जानकारी दी गई। लोगों को साइबर प्रहरी और साइबर दोस्त को सोशल मीडिया पर फॉलो करने की भी अपील की गई।
यातायात नियमों की जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि कम उम्र के बच्चों को वाहन न चलाने दें, सिग्नल नियमों का पालन करें, हमेशा हेलमेट और सीटबेल्ट का उपयोग करें तथा सड़क सुरक्षा के अन्य नियमों का पालन करें।

भविष्य की योजना
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने कहा कि जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं स्थानों पर ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि साइबर सुरक्षित, नशामुक्त और कानून-सचेत समाज का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती रिनी अजीत (छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं रीजनल डायरेक्टर, RBI), विभिन्न बैंकों के ब्रांच मैनेजर, एसडीओपी श्री देवांश सिंह राठौर, थाना प्रभारी लोहारा श्री मुकेश सिंह, थाना स्टाफ, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक रुमलाल चुरेंद्र, आरक्षक रविकांत एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
