जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता : 98 हजार रुपए चोरी के मामले में 48 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 06 सितम्बर 2025।
अकलतरा थाना क्षेत्र में हुई 98 हजार रुपए की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज़ 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साइबर टीम और अकलतरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले से दबोचा गया।
मामला
पीड़ित डोल नारायण पटेल निवासी फरहदा ने 03 सितम्बर को जिला सहकारी बैंक अकलतरा से 1 लाख रुपए निकाले थे। जिनमें से 98 हजार रुपए, पासबुक और चेकबुक उन्होंने अपने बाइक की डिक्की में रखे थे। रास्ते में खरीदारी के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने डिक्की से बैग पार कर दिया। मामले की रिपोर्ट थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 423/2025 पर दर्ज की गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर साइबर टीम और थाना अकलतरा पुलिस ने जांच शुरू की। क्षेत्र के 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए। तकनीकी विश्लेषण और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान अनुपपुर (मध्यप्रदेश) निवासी ओमप्रकाश सिसोदिया उर्फ छोटू और सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर के रूप में हुई।
टीम ने दबिश देकर दोनों को अनुपपुर जिले के ग्राम भोलगढ़ से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक और चोरी की गई राशि में से 92 हजार रुपए बरामद किए गए हैं।
आगे की कार्रवाई
दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि अन्य आपराधिक मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
