जांजगीर-चांपा: अकलतरा क्षेत्र में मिशन सिक्योर सिटी के तहत CCTV कैमरे लगाए गए, सहयोगियों का हुआ सम्मान
जांजगीर-चांपा। जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से मिशन सिक्योर सिटी के तहत थाना अकलतरा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस कार्य में सहयोग प्रदान करने वाले गणमान्य नागरिकों को पुलिस विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराधों की रोकथाम में सीसीटीवी कैमरे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन सिक्योर सिटी के तहत सार्वजनिक स्थलों, मुख्य चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इससे न केवल अपराधियों पर अंकुश लगेगा बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण भी मिलेगा।
