कोंडागांव इरागांव पुलिस ने चाचा की हत्या का किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव। मानवता को शर्मसार करने वाली घटना में इरागांव थाना क्षेत्र में एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते अपने चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने घटना का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 05 सितंबर 2025 को ग्राम गोंड डुंडाबेड़मा निवासी मसूराम मंडावी ने थाना इरागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता लच्छन राम मंडावी दिनांक 02 सितंबर को गांव पूसापारा बिंझे देवी के घर काम करने गए थे, लेकिन वे वापस नहीं लौटे। गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री वाई. अक्षय कुमार के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान 06 सितंबर को पूसापारा बिंझे क्षेत्र के बरदा नदी में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान मृतक लच्छन राम मंडावी के रूप में की गई।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक का अपने बड़े भाई लखमु राम मंडावी से जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते लखमु राम के पुत्र रामचरण मंडावी व सरवन मंडावी ने धारदार हथियार से लच्छन राम मंडावी की हत्या कर दी और सबूत छुपाने के लिए शव को नदी में फेंक दिया।
पंचनामा, गवाहों के बयान एवं डॉक्टर की संक्षिप्त पीएम रिपोर्ट के आधार पर थाना इरागांव पुलिस ने 02 आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
