त्रिनयन एप की मदद से बेमेतरा पुलिस ने लूट कांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन तथा दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग (भा.पु.से.) की सतत मॉनिटरिंग में जिले में आपराधिक और अवैध गतिविधियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सायबर सेल और थाना नवागढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रास्ता रोककर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना का विवरण
प्रार्थी मदन मनहर (50 वर्ष), निवासी छेरकापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 26 अगस्त को धान बिक्री से प्राप्त ₹87,774 एवं कृषि कार्य हेतु लिए गए एक लाख रुपये, कुल ₹1,87,774 लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में तीन अज्ञात युवकों ने बेलटुकरी मोड़ के पास रोककर चाकू व बेल्ट से डराकर नगदी और मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नवागढ़ में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इस दौरान त्रिनयन एप और सायबर सेल की तकनीकी मदद से एक आरोपी कोमल यदु को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों तोसन यदु और डिगेश्वर यदु के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
जप्ती और गिरफ्तारी
आरोपियों से नगद ₹20,800, तीन मोबाइल फोन (कीमत ₹15,000), वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू और बेल्ट समेत कुल ₹65,800 मूल्य का माल बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में –
- तोसन यदु (24 वर्ष)
- डिगेश्वर यदु (22 वर्ष)
- कोमल यदु (19 वर्ष)
सभी निवासी रोहरा, जिला बलौदाबाजार शामिल हैं। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
टीम का योगदान
इस कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी नवागढ़ उप निरीक्षक अलील चंद सहित पुलिस बल के कई जवानों का विशेष योगदान रहा।
