बेमेतरा पुलिस का “हमर पुलिस हमर बाजार” अभियान, नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता की पहल
बेमेतरा। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में जिलेभर में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। “हमर पुलिस हमर बाजार” और “हमर पुलिस हमर गांव” के माध्यम से आम नागरिकों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जागरूक किया जा रहा है।
आज 03 अक्टूबर 2025 को ग्राम भद्राली के हाट-बाजार में पुलिस टीम ने लोगों को नशा मुक्त जीवन का शपथ दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी बर्बाद करता है। सभी ने एक स्वर में शपथ ली – “Yes to Life, No to Drugs”।
इस अवसर पर साइबर ठगी, फर्जीवाड़ा, महिला और बालिका अपराध, ट्रैफिक नियम तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी जानकारी दी गई। विशेष रूप से मोबाइल से जुड़े अपराधों और महिलाओं/बालिकाओं की सुरक्षा के विषय में कानूनी जानकारी साझा की गई।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाया कि सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ देने से हादसे होते हैं, जिससे न सिर्फ वाहन चालक की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि मवेशियों की भी मृत्यु हो जाती है। इसलिए पशुपालकों से अपील की गई कि अपने मवेशियों को घर पर रखें या चरवाहों के साथ ही चराने भेजें।
बेमेतरा पुलिस की यह पहल “हमर पुलिस हमर बाजार” और “हमर पुलिस हमर गांव” आम नागरिकों में विश्वास और जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अपराध और नशे के खिलाफ समाज में नई सोच पैदा कर रही है।
