मेड़की दुर्घटना: बुजुर्ग महिला बालोद को कुचलने वाला ट्रक ड्राइवर 24 घंटे में गिरफ्तार
बालोद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में पुलिस ने तेज़ी दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की तत्पर कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है।
मामला 29 नवंबर को दोपहर लगभग 1 बजे मेड़की चौक का है। रिपोर्टकर्ता हिमांशु साहू ने पुलिस को बताया कि माकतूला बाई साहू ग्राम सभा की बैठक में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान ट्रक नंबर CG 08 AF 8199 को तेज़ रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए चालक लेकराम ठाकुर, निवासी मेड़की ने वाहन को बघमरा रोड से मेड़की चौक की ओर मोड़ते समय बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद माकतूला बाई ट्रक के नीचे आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक को रुकने के लिए आवाज़ लगाई, लेकिन आरोपी ने ट्रक को उल्टा (रिवर्स) कर दिया, जिससे महिला के शरीर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया। गंभीर चोटों के कारण माकतूला बाई की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चालक ने शराब सेवन किया था, जिसके आधार पर मोटरयान अधिनियम की धारा 185 भी जोड़ी गई।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर लेकराम ठाकुर के विरुद्ध धारा 105 BNS के तहत अपराध दर्ज कर वाहन एवं ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किया। जांच अधिकारी टीम द्वारा आरोपी को 30 नवंबर की दोपहर गिरफ्तार कर आवश्यक कारण बताकर हिरासत में लिया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेजने के आदेश जारी हुए।
इस कार्रवाई में बालोद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिशुपाल सिन्हा, प्र.1732 योगेश सिन्हा, प्र.1603 दुर्योधन यादव, आरक्षक 310 मुकेश यादव और आरक्षक 36 मोहन कुक्कुर की विशेष भूमिका रही।
