दुर्ग पुलिस ने नए आपराधिक कानूनों पर जागरूकता प्रदर्शनी लगाई, छात्र और ग्रामीण हुए लाभान्वित

0

दुर्ग जिला पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को तीन नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज दमधा क्षेत्र के आत्मानंद स्कूल में प्रदर्शनी लगाई गई, जहाँ बड़ी संख्या में छात्र और ग्रामीण शामिल हुए।

प्रदर्शनी में उपस्थित लोगों को नए कानूनों की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया गया। विशेष रूप से महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराध, उनके लिए बनाए गए नए प्रावधान, तथा न्याय प्रक्रिया को अधिक तेज़ और प्रभावी बनाने हेतु किए गए सुधारों पर विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नए कानून अब केवल दंडात्मक न होकर न्याय एवं सुधार को प्राथमिकता देते हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा और अधिकारों को और मजबूत बनाया गया है।

कार्यक्रम में छात्रों और ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय, डिजिटल सुरक्षा के नियम, तथा ऑनलाइन फ्रॉड से बचने की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नई धाराओं में साइबर अपराधों के लिए कड़ी कार्रवाई और त्वरित न्याय का प्रावधान जोड़ा गया है।

दुर्ग पुलिस ने बताया कि ऐसी जागरूकता प्रदर्शनी प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न ग्राम पंचायतों, स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नए कानूनों की समुचित समझ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों