बालोद पुलिस की बड़ी सफलता: बलात्कार का फरार आरोपी सुकमा के टोंगपाल से गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2025-08-19 at 7.44.35 PM

बालोद पुलिस ने बलात्कार के एक फरार आरोपी को नक्सल प्रभावित क्षेत्र टोंगपाल (जिला सुकमा) से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में कई दिनों से प्रयासरत थी। साइबर सेल और थाना बालोद की संयुक्त टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की।

पुलिस के अनुसार घटना की शुरुआत 17 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब एक पीड़िता ने थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी हिमांशु सिन्हा, निवासी गोठाटोला मानपुर, ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक शोषण किया। मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 432/25 धारा 69 BNS एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। रिपोर्ट दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी।

बालोद पुलिस व साइबर सेल की टीम आरोपी की लोकेशन चिह्नित करने में लगी रही। आरोपी अपने घर, मोहला-मानपुर क्षेत्र या आसपास कहीं भी नहीं मिल रहा था। तकनीकी डेटा और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि आरोपी सुकमा जिले के टोंगपाल क्षेत्र में किसी परिचित के घर में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होते ही इंस्पेक्टर शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में टीम नक्सल प्रभावित दरभा–झीरम मार्ग होते हुए टोंगपाल पहुँची।

स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी गई और आरोपी हिमांशु सिन्हा को उसके छिपने के स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अत्यंत संवेदनशील नक्सली इलाके में यह कार्रवाई कर आरोपी को सुरक्षित बालोद लाने में सफलता प्राप्त की। आरोपी को अब न्यायिक प्रक्रिया के लिए संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

गिरफ्तारी में थाना बालोद के अधिकारी व जवान—इंस्पेक्टर शिशुपाल सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक धर्म भुरैया, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक भोपाल सिंह साहू, राहुल मनहरे, विपिन गुप्ता, आकाश सोनी, पूरण प्रसाद, मिथिलेश यादव, संजय सोनी और मनीष राजपूत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों