सार्रा गांव में चेन स्नैचिंग का खुलासा, महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार, ₹90 हजार की सोने की चेन बरामद

0

गांव सार्रा में हुई बाइक सवार लुटेरों की चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महाराष्ट्र के धुले जिले से धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग ₹90 हजार बताई जा रही है, बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव सार्रा पहुंचे और एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। आरोपियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर मौके से फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के धुले जिले में मिली। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश पाटिल (उम्र 50 वर्ष) निवासी ग्राम लोहेगांव, थाना लोहेखेड़ी, जिला धुले (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह अमृत लागी सोसायटी, गणपति मोहल्ला, हरिनगर के पास, थाना उधना, जिला उधना में रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि प्रकरण में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों