चानाभरी जंगल हत्याकांड का खुलासा, फरार आरोपी रामू नेताम गिरफ्तार

0

कोंडागांव / विश्रामपुरी:
विश्रामपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चानाभरी जंगल में मिली अज्ञात सर्कटी लाश के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्या कांड में पहले ही मुख्य आरोपी श्यामलाल नेताम को जेल भेजा जा चुका था, जबकि अब उसका छोटा भाई रामू नेताम भी पुलिस गिरफ्त में आ गया है। दोनों भाइयों ने मिलकर युवक की बेरहमी से हत्या की थी।

पुलिस के अनुसार, 06 दिसंबर 2025 को चानाभरी जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा हुआ शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। शव की पहचान कपड़ों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर लछिंदर पांडे, निवासी बरगांव के रूप में हुई। सिर गायब होने से प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जांच की दिशा हत्या की ओर मोड़ी।

जांच में सामने आया कि लछिंदर पांडे का विश्रामपुरी साप्ताहिक बाजार में श्यामलाल नेताम और उसके भाई रामू नेताम से विवाद हुआ था। 03 दिसंबर को दोनों आरोपियों ने मृतक को मोटरसाइकिल से चानाभरी जंगल ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसका सिर अलग कर तालाब के पास छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का सिर और हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की थी।

मुख्य आरोपी श्यामलाल नेताम को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि दूसरा आरोपी रामू नेताम घटना के बाद से फरार था। पुलिस की लगातार दबिश और निगरानी के चलते उसे 24 दिसंबर 2025 को धमतरी जिले के खैरभरी गांव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की।

इस पूरी कार्रवाई में विश्रामपुरी पुलिस, साइबर सेल और वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कोंडागांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों