ईमानदारी और कर्तव्य का उदाहरण: सरगांव पुलिस के जवान ने लौटाया महिला का खोया बैग

0
1jan .3

सरगांव:
ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की एक सराहनीय मिसाल सरगांव थाना में सामने आई है। थाना सरगांव में पदस्थ आरक्षक चंद्रहास लहरे ने अपने कर्तव्य के साथ-साथ मानवता और ईमानदारी का परिचय देते हुए सड़क किनारे मिला कीमती सामान से भरा बैग उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार आरक्षक चंद्रहास लहरे ड्यूटी के लिए सरगांव आ रहे थे। इसी दौरान सरगांव बस स्टैंड से लगभग 100 मीटर दूर सड़क किनारे उन्हें एक लावारिस बैग मिला। बैग को खोलकर देखने पर उसमें नगद राशि एवं आभूषण मौजूद थे। आसपास कोई दावेदार न मिलने पर उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष चौबे को सूचना दी और बैग को थाना लाकर महिला प्रधान आरक्षक लेखिका सरस्वती जांगड़े के सुपुर्द किया।

थाना में बैग की जांच करने पर उसमें ₹68,000 नगद, पुराने चांदी के आभूषण, आधार कार्ड एवं ग्रामीण बैंक की पासबुक पाई गई। दस्तावेजों के आधार पर ग्राम सरवानी के सरपंच से संपर्क कर बैग की वास्तविक मालकिन की पहचान नागेश्वरी धेवर (उम्र 51 वर्ष), निवासी ग्राम सरवानी, थाना सरगांव के रूप में की गई।

महिला द्वारा बताया गया कि वह चांपा में एक सुनार की दुकान में सोना-चांदी बदलने के लिए जा रही थी, इसी दौरान उसका बैग कहीं गिर गया। महिला को थाना बुलाकर पूछताछ एवं सत्यापन के बाद बैग में रखी समस्त सामग्री — नगद राशि, आभूषण एवं दस्तावेज — विधिवत सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दी गई।

आरक्षक चंद्रहास लहरे द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य से पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि और जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आरक्षक की ईमानदारी की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों