सड़क सुरक्षा माह में ग्रामीण इलाकों तक पहुँची राजनांदगांव ट्रैफिक पुलिस, यातायात नियमों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत राजनांदगांव पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस द्वारा संचालित किया गया।

अभियान के तहत सिंघोला, कमरतरा, सुखारी, जंगलपुर सहित शहर के नंदई चौक क्षेत्र में आम नागरिकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान हेलमेट नहीं पहनने, तीन सवारी चलाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट नहीं लगाने, तेज रफ्तार, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने एवं शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाले कानूनी दंड और सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में लोगों को यह भी समझाया गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे परिवार और समाज को भारी क्षति उठानी पड़ती है। जागरूकता अभियान में सौनी येनलाल चंद्राकर, कुंजलाल साहू एवं शरद मसीह का विशेष योगदान रहा। इस अभियान से लगभग 1000 से अधिक लोग लाभान्वित हुए।

राजनांदगांव ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें, तीन सवारी न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, तेज रफ्तार से बचें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं और कभी भी शराब पीकर वाहन न चलाएं।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन ही सड़क सुरक्षा की कुंजी है और ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी विभिन्न माध्यमों से लगातार जारी रहेंगे।
