राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: पीजी कॉलेज बेमेतरा में ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को सिखाए सुरक्षा नियम
बेमेतरा। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पीजी कॉलेज बेमेतरा में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस टीम ने कॉलेज के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। छात्रों को जेब्रा क्रॉसिंग के सही उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात अधिकारियों ने छात्रों को सड़क के सही लेन में चलने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, मोड़ लेते समय इंडिकेटर के प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और सड़क के बीच वाहन पार्क न करने जैसी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से समझाया। साथ ही बैनर और पोस्टरों के माध्यम से आम नागरिकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि किसी भी वाहन को चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीयन प्रमाण पत्र और बीमा कितना आवश्यक है तथा इनके अभाव में होने वाले कानूनी नुकसान क्या हो सकते हैं। विद्यार्थियों को हमेशा यातायात नियमों का पालन करने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने और सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर यातायात प्रभारी एवं गार्ड निरीक्षक श्री प्रवीण खलखो, सहायक उप निरीक्षक मोहनलाल साहू, मुख्य आरक्षक दौलतराम वर्मा, आरक्षक राजेश साहू, पारसमणि साहू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पीजी कॉलेज बेमेतरा की प्राचार्य श्रीमती वीना त्रिपाठी, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली। पुलिस द्वारा यह अभियान जिले के स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लगातार चलाया जा रहा है।
