राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: कांकेर में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, अब तक 1175 नागरिकों को मिला लाभ
कांकेर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आम नागरिकों को सुविधा देने और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री आकाश श्रीमाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री दिनेश सिन्हा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

यह ड्राइविंग लाइसेंस शिविर 21.01.2026 से लगातार चल रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक लाभ उठा रहे हैं। शिविर का आयोजन थाना परिसर के सामने किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से इस सुविधा का लाभ ले सकें।
आज 25.01.2026 को आयोजित शिविर में लगभग 225 नागरिकों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए। वहीं अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 1,175 नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा प्रदान की जा चुकी है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
शिविर के दौरान नागरिकों को केवल लाइसेंस सुविधा ही नहीं दी गई, बल्कि यातायात नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने को लेकर भी जागरूक किया गया।
पुलिस एवं परिवहन विभाग का मानना है कि इस प्रकार के शिविर न केवल प्रशासनिक सुविधा प्रदान करते हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आने वाले दिनों में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
