रायगढ़ में देह व्यापार पर बड़ा प्रहार: चक्रधरनगर पुलिस की तीसरी बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में रायगढ़ शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर क्षेत्र में देह व्यापार के एक बड़े मामले का खुलासा किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बोईरदादर क्षेत्र में रहने वाला एक व्यक्ति बाहर से महिलाओं को बुलाकर अपने मकान में देह व्यापार करवा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस द्वारा योजनाबद्ध तरीके से एक प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया। संकेत मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस, साइबर थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान मकान के अंदर आरोपी नारायण वैष्णव और एक संदिग्ध महिला मौजूद मिली। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाता था और स्वयं दलाली करते हुए पूरे देह व्यापार संचालन का प्रबंधन करता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन (ओप्पो और रेडमी) तथा आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं 7 में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर प्रभारी उप निरीक्षक जी.एल. साहू, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक चंद्रकुमार बंजारे, शांति मिरी, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, नवीन शुक्ला तथा महिला थाना से मालती पैंकरा, महिला आरक्षक इंदुलता एक्का और एलीसा टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायण वैष्णव पिता भुवनेश्वर वैष्णव, उम्र 55 वर्ष, निवासी बोईरदादर चर्च के पास, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ में देह व्यापार, मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री, जुआ-सट्टा और अन्य सामाजिक बुराइयों के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस आगे भी कठोरतम कार्रवाई जारी रखेगी।
