छाल थाने में सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल: मानवता और समाजसेवा करने वाले नागरिक सम्मानित
छाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से थाना छाल परिसर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास को और सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के पहले चरण में थाना प्रभारी द्वारा ग्राम कोटवारों की बैठक ली गई। इस दौरान कोटवारों से अपने-अपने गांव की गतिविधियों की जानकारी ली गई और किसी भी घटना या दुर्घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कोटवारों की भूमिका को ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
दूसरे चरण में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र और मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस क्रम में ग्राम तरेकेला निवासी नीरज सिदार और सादराम राठिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल एक अज्ञात युवक की मानवता के साथ मदद करते हुए उसे तत्काल छाल अस्पताल पहुंचाया और कोरबा रेफर होने तक उसके साथ बने रहे।
इसी कड़ी में ग्राम रिलो निवासी लवकुश महंत और ग्राम पुसल्दा निवासी हरिशंकर चौहान को भी प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहित किया गया। दोनों युवक क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसमित्र के रूप में लगातार सकारात्मक सहयोग कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान हाई स्कूल कटाईपाली के मेधावी छात्र गगन कुमार को कक्षा दसवीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने पर सम्मानित किया गया। वहीं ग्राम पोड़ी के कोटवार छेदूदास को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी से निर्वहन करने के लिए पुरस्कृत किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे नागरिकों का सम्मान समाज के अन्य लोगों को भी सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम में थाना छाल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि शांति व्यवस्था स्थापित करने में सजग और जिम्मेदार नागरिकों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। मानवता, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले लोग समाज की वास्तविक ताकत होते हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे नागरिकों को निरंतर सम्मानित और प्रोत्साहित करती रहेगी, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग की मजबूत कड़ी बनी रहे।






