ड्राई ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: डीसीपी वेस्ट जोन पुलिस ने 20 किलो गांजा पकड़ा, तस्कर गिरफ्तार
रायपुर। ड्राई ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देशन में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्बू केशरवानी के रूप में हुई है, जो हिमांशु केशरवानी का पुत्र बताया गया है और उत्तर प्रदेश का निवासी है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, एक कार और नगद राशि जब्त की गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 20.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार और नकद रकम भी जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांजा की सप्लाई के उद्देश्य से रायपुर पहुंचा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
