25 साल बाद पुलिस के शिकंजे में फरार वारंटी! हत्या-आगजनी के आरोपी भेजे गए जेल
कांकेर जिले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन स्थायी वारंटियों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी हत्या के प्रयास, आगजनी और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में करीब 25 वर्षों से फरार थे। पुलिस की सतत निगरानी और मुखबिर सूचना के आधार पर यह बड़ी सफलता हासिल हुई।
पाखांजूर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पुराने मामलों में फरार वारंटी अपने घर आए हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। लंबे समय से फरारी काट रहे इन आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों में ओम महादूराम उर्फ महादेव, ओम शंकरलाल और ओम सुकदेव उर्फ सुंगदर टेकाम शामिल हैं। इनके खिलाफ विभिन्न वर्षों में हत्या के प्रयास, आगजनी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं। संबंधित अपराध क्रमांकों में भारतीय दंड संहिता की धारा 436, 307 और 34 सहित अन्य धाराएं शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए विशेष क्राइम हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि छोटी सी सूचना से भी बड़े अपराधों को रोका जा सके।
