रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता, 20 लाख के 100 गुम मोबाइल बरामद
रायपुर में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 100 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। ये मोबाइल देश के अलग-अलग राज्यों से तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग की मदद से खोजे गए।

मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी की और सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को जब उनका फोन वापस मिला तो उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायत मिलने पर लगातार तकनीकी जांच की जाती है। इसी के चलते कई मामलों में मोबाइल बरामद कर लोगों को वापस दिलाया जा रहा है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि लोगों की गुम हुई संपत्ति को वापस दिलाया जा सके और साइबर से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
