‘मोर मितान’ के तहत कांकेर पुलिस की पहल — खेल सामग्री वितरण से बढ़ा युवाओं का उत्साह
कांकेर जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘मोर मितान’ अभियान के तहत एक और सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता के साथ-साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

थाना प्रभारी श्री प्रतिक बनसोडे (भा.पु.से.) के नेतृत्व में ग्राम पंचायत हटकोंगरा सहित कुरना, पुष्वाड़ा, पुसावन और सतलोर में चलित थाना एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं के बीच क्रिकेट और वॉलीबॉल किट का वितरण किया गया, जिससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ा। पुलिस का यह प्रयास युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें नशे व असामाजिक कार्यों से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचाव, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और चिटफंड जैसे अपराधों से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। साथ ही किरायेदार सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना देने और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा नशा मुक्ति, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी ग्रामीणों को जागरूक करते हुए पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
