केशकाल: पेट्रोल पंप से चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जगदलपुर से दबोचा
कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप कार्यालय से नगदी व मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
प्रकरण में पेट्रोल पंप संचालक द्वारा थाना केशकाल में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 71/26 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्र एवं एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोपाल थापा उर्फ गोपाल साहू (23 वर्ष), निवासी शांति नगर, जगदलपुर जिला बस्तर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने केशकाल स्थित मध्य मुकेश पेट्रोल पंप कार्यालय में घुसकर ₹55,000 नगदी एवं रियलमी कंपनी का मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से ₹9,120 नगद एवं चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।
