शादी समारोह में करंट हादसा, डायल-112 जवान बने फरिश्ता — युवक की बची जान
टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में डायल-112 पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई ने एक युवक की जान बचाकर मानवता और जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। थाना बल्देवगढ़ क्षेत्र के ग्राम बुदौर में आयोजित शादी समारोह के दौरान करंट लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को डायल-112 टीम ने तुरंत अस्पताल पहुँचाकर उपचार दिलाया।
पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को रात्रि में सूचना मिली कि शादी कार्यक्रम के दौरान युवक बिजली के तार की चपेट में आ गया है और गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए घायल युवक को प्राथमिक सहायता प्रदान की और तत्काल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति नियंत्रित हो सकी। पुलिस की तेज प्रतिक्रिया और मानवीय संवेदनशीलता के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 सेवा आमजन के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता और सेवा भावना की सराहना की।
