देवास पुलिस की बड़ी सफलता: ‘ऑपरेशन साइबर’ में ठगी की ₹50 हजार राशि पीड़ितों को वापस
देवास। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन साइबर” के तहत देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी साइबर मॉनिटरिंग के चलते पुलिस ने साइबर फ्रॉड के दो अलग-अलग मामलों में कुल ₹40,000 एवं ₹10,000 की ठगी गई राशि पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराई।

पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल ट्रैकिंग के माध्यम से फ्रॉड ट्रांजैक्शन को चिन्हित किया। समय रहते बैंकिंग समन्वय और साइबर मॉनिटरिंग के कारण आरोपियों द्वारा ट्रांसफर की गई राशि को होल्ड कर पीड़ितों को राहत दिलाई गई।
देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल या संदिग्ध डिजिटल लेनदेन की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन अथवा 112 आपातकालीन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि त्वरित सूचना देने से ठगी की राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
पुलिस प्रशासन लगातार नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर रहा है।
