उधारी से बचने रची चोरी की साजिश! बिर्रा पुलिस ने घंटों में किया ₹2.21 लाख के फर्जी चोरी कांड का खुलासा

0
ankit

जांजगीर-चांपा। बिर्रा पुलिस ने महज कुछ घंटों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹2 लाख 21 हजार की कथित चोरी के झूठे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आवेदक ने कर्जदारों को पैसा लौटाने से बचने के लिए खुद ही चोरी की झूठी कहानी रच डाली थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बनडभरा निवासी नरेश भारद्वाज ने 09 मई 2026 को थाना बिर्रा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से अलमारी उठाकर अज्ञात चोर ₹2,21,000 नकद चोरी कर ले गए। उसने बताया था कि यह रकम खेत बिक्री से प्राप्त हुई थी और घर की अलमारी में रखी हुई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में तत्काल जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में बिर्रा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गहन जांच की।

जांच के दौरान पुलिस को आवेदक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। कड़ाई और मनोवैज्ञानिक पूछताछ में आखिरकार आवेदक टूट गया और सच सामने आ गया। उसने स्वीकार किया कि गांव के लोगों से लिए गए उधार को लौटाने से बचने के लिए उसने खुद अलमारी को घर से दूर क्षतिग्रस्त हालत में छोड़ दिया और पूरी रकम घर की छत में छिपा दी थी।

पुलिस के सामने छुपाई गई पूरी रकम बरामद कर ली गई, जिसे गवाहों एवं परिजनों की मौजूदगी में सुपुर्दनामा के तहत आवेदक को सौंप दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जय कुमार साहु सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सूझबूझ एवं त्वरित कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों