देवास पुलिस की संवेदनशील पहल से सड़क हादसों में कमी: दुर्घटना मृत्यु पर गांव-गांव पहुंच रही पुलिस चौपाल
देवास। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने और आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देवास पुलिस द्वारा “सांत्वना – संवेदनशीलता – समझाइश – सहायता” अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस पहल के तहत प्रत्येक सड़क दुर्घटना मृत्यु के बाद पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहकर सामाजिक जागरूकता और भविष्य की रोकथाम पर विशेष ध्यान दे रही है।

देवास पुलिस द्वारा दुर्घटना स्थल का विस्तृत विश्लेषण कर संभावित जोखिमों की पहचान की जा रही है तथा संबंधित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। साथ ही मृतक के गांव में पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट वितरण, सुरक्षित ड्राइविंग की समझाइश, यातायात नियमों की जानकारी और दुर्घटनाओं से बचाव के व्यावहारिक उपायों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल दुर्घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि भविष्य में किसी भी गांव के व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु को रोकना है।
देवास पुलिस के इन सतत और संवेदनशील प्रयासों का सकारात्मक परिणाम भी सामने आया है। वर्षभर की तुलना में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में 18 प्रतिशत कमी तथा दुर्घटना मृत्यु दर में 25 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित यातायात संस्कृति को अपनाने में पुलिस का सहयोग करें।
