कांकेर पुलिस का बड़ा खुलासा! 6.54 लाख के नकली नोटों का जाल बेनकाब, आरोपी गिरफ्तार
कांकेर: नकली नोटों की तस्करी और अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कांकेर पुलिस ने नकली नोट खपाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹6,54,000 मूल्य के 500 रुपये के नकली नोट, नोट छापने की सामग्री और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकली नोट और उन्हें तैयार करने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युगल नाग (29 वर्ष) निवासी कोदाभाट, जिला उत्तर बस्तर कांकेर के रूप में हुई है। पूछताछ में नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने की साजिश सामने आई है।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में —
- 500 रुपये के 1100 नकली नोट (₹5,50,000)
- ए-4 पेपर में छपे नकली नोट (₹1,04,000)
- सिक्योरिटी थ्रेड प्रिंट सामग्री
- 04 मोबाइल फोन जप्त किए गए।

आरोपी के विरुद्ध थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 159/26 के तहत धारा 178, 179, 180 बीएनएस में मामला दर्ज कर विस्तृत विवेचना की जा रही है।
कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया कि नकली मुद्रा के अवैध नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
