₹5.50 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार, रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रतलाम: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये कीमत की नशीली सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले भर में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति महू-नीमच फोरलेन हाईवे स्थित कालालिया फंटा क्षेत्र में अवैध ड्रग्स लेकर पहुंचने वाला है। सूचना पर थाना रिंगनोद प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी लेने पर आरोपी यूनुस पिता सैयद हबीब (46 वर्ष), निवासी लॉयर कॉलोनी रतलाम के कब्जे से 55 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹5,50,000 आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है।
कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
