MP Police Action: 11 राज्यों में चोरी करने वाली ‘लच्छु गैंग’ का भंडाफोड़, 37 लाख की संपत्ति जब्त
मध्यप्रदेश पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मंदसौर पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय कुख्यात “लच्छु गैंग” के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 37 लाख रुपए से अधिक की चोरी की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में सुनियोजित तरीके से चोरी और डकैती की वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में 11 राज्यों में अपराध करना स्वीकार किया है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सुनसान इलाकों और लंबे समय से बंद मकानों को निशाना बनाते थे। महज 7 मिनट के भीतर लोहे की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश करना इनकी खास तकनीक थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, चारपहिया वाहन तथा वारदात में उपयोग किए जाने वाले विशेष उपकरण बरामद किए हैं।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने टीम की सराहना करते हुए संबंधित पुलिस दल को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, अंतर्राज्यीय गैंग और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
