बेमेतरा पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी के 5.40 लाख के सोने के जेवर और स्कूटी बरामद, विधि से संघर्षरत बालक शामिल
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 5 लाख 40 हजार रुपये की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस टीम द्वारा परिजनों की उपस्थिति में पूछताछ किए जाने पर बालक की निशानदेही से लाल रंग के गोल डिब्बे में रखे चोरी गए सोने के आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामग्री में सोने के मंगलसूत्र पाइप, झुमका पट्टी (संकरी), बिंदिया और गेहूं दाना डिजाइन के आभूषण शामिल हैं, जिनका कुल वजन करीब 46 ग्राम है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 25 Q 8655 भी जब्त की है। बरामद सोने के आभूषणों की कीमत लगभग 4 लाख 60 हजार रुपये तथा स्कूटी की कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है।
पूरे मामले में पुलिस द्वारा विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए बालक को संरक्षणात्मक प्रक्रिया में लिया गया है तथा आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है। बेमेतरा पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है।
