‘ऑपरेशन मुस्कान’ बना उम्मीद की किरण: मध्यप्रदेश पुलिस ने 5 गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं को दूसरे राज्यों से सकुशल खोज निकाला
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन मुस्कान’ लगातार बिछड़े बच्चों और उनके परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनता जा रहा है। विगत एक सप्ताह के दौरान प्रदेश पुलिस ने दिल्ली, गुजरात, बिहार और उत्तरप्रदेश जैसे विभिन्न राज्यों से 5 गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंपा।
उज्जैन जिले के उन्हेल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय गुमशुदा बालिका को मात्र 24 घंटे के भीतर गुजरात के राजकोट से सुरक्षित खोज निकाला। वहीं कटनी जिले की बरही थाना पुलिस ने अपहृत बालिका को दिल्ली से दस्तयाब किया, जबकि स्लीमनाबाद थाना पुलिस ने एक अन्य नाबालिग बालिका को बिहार के पटना जिले से सकुशल बरामद किया।
मुरैना जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने 16 दिन के भीतर गुमशुदा बालिका को उत्तरप्रदेश के हापुड़ से सुरक्षित खोजकर परिजनों को सौंपा। इसी प्रकार गुना जिले की कोतवाली पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए लापता किशोरी को दिल्ली से दस्तयाब कर परिवार से मिलाया।
मध्यप्रदेश पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और परिवारों की भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील मानवीय प्रयास है। अभियान के तहत तकनीकी संसाधनों, साइबर ट्रैकिंग, स्थानीय पुलिस समन्वय एवं लगातार मैदानी कार्रवाई के माध्यम से गुमशुदा बच्चों की तलाश की जा रही है।
प्रदेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बालक या बालिका के गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों को सुरक्षित खोजा जा सके।
