देवास पुलिस की संवेदनशील पहल: रास्ता भटके 8 वर्षीय मासूम को डायल-112 टीम ने परिवार से मिलाया
देवास पुलिस की डायल-112 टीम ने तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार का परिचय देते हुए रास्ता भटक गए 8 वर्षीय मासूम को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है।
घटना थाना बागली क्षेत्र के चापड़ा की है, जहां एक छोटा बच्चा रास्ता भटककर पहुंच गया था। सूचना मिलने पर डायल-112 स्टाफ सैनिक गुलाब सिंह एवं पायलट प्रवीण पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके बाद उदयनगर थाना से समन्वय स्थापित कर बच्चे की पहचान और परिजनों का पता लगाया गया।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते मासूम को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया गया। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी छलक उठी और उन्होंने देवास पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
आज के समय में बच्चों के गुम होने की घटनाएं कई बार गंभीर हादसों, मानव तस्करी, अपहरण, दुर्घटना या अन्य आपराधिक घटनाओं का कारण बन जाती हैं। ऐसे में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशील कार्यवाही बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होती है।
देवास पुलिस द्वारा किया गया यह कार्य न सिर्फ मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करता है।
