सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 950 लीटर डीजल चोरी मामले में ढाबा संचालक और टैंकर चालक गिरफ्तार
सूरजपुर जिले में भारतीय पेट्रोलियम कंपनी के डीजल की चोरी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए थाना प्रतापपुर पुलिस ने ढाबा संचालक और टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 950 लीटर डीजल, दो टैंकर, एक स्कॉर्पियो वाहन सहित अन्य उपकरण जप्त किए हैं।
डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
मुगलसराय से उड़ीसा ले जाया जा रहा था डीजल
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में टैंकरों से अवैध तरीके से डीजल निकाला जा रहा है। सूचना के अनुसार टैंकर वाहन क्रमांक WB 78-5226 एवं NL 06 A 9129 भारतीय पेट्रोलियम कंपनी का 24-24 हजार लीटर डीजल लेकर मुगलसराय से उड़ीसा जा रहे थे।
आरोप है कि ढाबा संचालक रविकांत यादव और टैंकर चालकों ने मिलकर टैंकर के ऑयल टैंक को ग्राइंडर मशीन से काटकर पाइप के जरिए डीजल चोरी करना शुरू कर दिया था।
रेड में मिला 950 लीटर चोरी का डीजल
सूचना मिलते ही थाना प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में अन्नपूर्णा ढाबा पर रेड कार्रवाई की। पुलिस को ढाबे के पीछे कमरे में ड्रम और प्लास्टिक जरिकेन में भरा कुल 950 लीटर डीजल बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹93,100 बताई गई है।
इसके साथ ही पुलिस ने मौके से—
- 2 टैंकर वाहन
- 1 स्कॉर्पियो वाहन
- कटिंग मशीन
- पाइप
- डीजल मापने का उपकरण
- कंटेनर पार्ट्स
भी जप्त किए।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव निवासी चंदौली (उत्तर प्रदेश) तथा टैंकर चालक सलीम रहमान खान निवासी कोलकाता (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य टैंकर चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर नरेन्द्र सिंह, एएसआई राजेश यादव, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, आरक्षक नौशाद और जयप्रकाश पन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि डीजल चोरी का यह नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
