बिना दाहिने हाथ के UPSC में कमाल! IIT मद्रास की छात्रा काजल राजू ने AIR 167 हासिल कर पेश की मिसाल
देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर काजल राजू ने लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा की नई कहानी लिख दी है। जन्म से दाहिने हाथ के अग्रभाग (फोरआर्म) के बिना पैदा हुईं काजल ने शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए UPSC में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 167 हासिल की है।
केरल के कासरगोड जिले की रहने वाली काजल राजू ने अपनी उच्च शिक्षा Indian Institute of Technology Madras से पूरी की, जहां उन्होंने डेवलपमेंट स्टडीज में इंटीग्रेटेड मास्टर डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का सपना देखा और उसी दिशा में तैयारी शुरू कर दी।
UPSC के अपने पहले प्रयास में काजल को AIR 910 प्राप्त हुई थी और उनका चयन इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस (IRMS) के लिए हुआ था। हालांकि उन्होंने यहीं रुकने के बजाय अपने लक्ष्य को और ऊंचा रखा। कई उतार-चढ़ाव, असफलताओं और व्यस्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी और चौथे प्रयास में AIR 167 हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की।
काजल की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि आज उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
