BSF के जवानों ने विश्व मंच पर लहराया परचम! पहली वर्ल्ड योगासन चैम्पियनशिप में जीते 12 गोल्ड समेत 14 मेडल
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के खिलाड़ियों ने अहमदाबाद में आयोजित पहली वर्ल्ड योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। BSF के जांबाजों ने प्रतियोगिता में कुल 14 पदक जीतकर इतिहास रच दिया, जिनमें 12 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।
जून 2026 में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 76 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विश्वभर के एथलीटों के बीच BSF के 12 सदस्यीय दल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को शीर्ष स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न योगासन श्रेणियों में BSF के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। शियाल कृष्णा भाई, इंद्रजीत सिंह, सोनी कुमारी, बिस्वजीत पॉल, प्रदीप्त कुमार महापात्र, सतीश सांबले तानाजी और अर्जुन परिहार सहित कई खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की पदक तालिका को मजबूत किया।
इस विश्व चैम्पियनशिप में भारत ने कुल 102 स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इनमें अकेले BSF के खिलाड़ियों ने 12 गोल्ड मेडल जीतकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं महिला खिलाड़ी साथी मोंडल ने कांस्य पदक जीतकर टीम की उपलब्धियों में और इजाफा किया।
BSF के महानिदेशक ने इस शानदार प्रदर्शन पर पूरी टीम को बधाई देते हुए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर BSF और भारत का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि देश के युवाओं और खेल जगत से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
