ग्वालियर पुलिस ने लौटाया ₹6 लाख के सोने के आभूषणों से भरा सूटकेस, स्मार्ट कैमरों से मिली बड़ी सफलता

0
731823897_1415829557110465_7017001137831471326_n

ग्वालियर।

ग्वालियर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना का परिचय देते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों से भरा सूटकेस उसके मालिक को सुरक्षित वापस दिलाकर भरोसे की मिसाल पेश की है। स्मार्ट सिटी कैमरों और त्वरित पुलिस कार्रवाई की मदद से महज कुछ ही समय में ऑटो चालक और सूटकेस का पता लगा लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने यह सराहनीय कार्य किया।

पुलिस के अनुसार शिवपुरी जिले के नरवर निवासी राघवेंद्र रावत ग्वालियर रेलवे स्टेशन से ऑटो रिक्शा में बैठकर सराफा तिराहे पहुंचे थे। यात्रा के दौरान उनका एक सूटकेस ऑटो में ही छूट गया। बाद में उन्हें पता चला कि सूटकेस में लगभग ₹6 लाख मूल्य के सोने के आभूषण रखे हुए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तुरंत थाना कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद विनायक करकरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे स्मार्ट सिटी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संबंधित ऑटो की पहचान की। इसके बाद ऑटो चालक का पता लगाकर उसे थाने बुलाया गया। पूछताछ के दौरान चालक ने सूटकेस सुरक्षित पुलिस को सौंप दिया।

आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने लाखों रुपये के सोने के आभूषणों से भरा सूटकेस उसके वास्तविक मालिक को सुपुर्द कर दिया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर फरियादी और उनके परिजनों ने ग्वालियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ईमानदारी और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद विनायक करकरे, प्रधान आरक्षक रविंद्र शर्मा, धर्मेंद्र सिसोदिया तथा आरक्षक कैलाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों