ST. Xavier स्कूल में पहुंची कोंडागांव पुलिस! छात्रों को बताया साइबर ठगी से बचने का आसान तरीका
कोंडागांव। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों से छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कोंडागांव पुलिस ने ST. Xavier हाई स्कूल में विशेष साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीकों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।

अभियान में पुलिस अधिकारियों ने फेक कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़े साइबर जोखिम और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे मामलों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा करने से बचें।
पुलिस टीम ने छात्रों को मजबूत पासवर्ड बनाने, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि थोड़ी-सी सतर्कता अपनाकर अधिकांश साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
कोंडागांव पुलिस ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में डिजिटल सुरक्षा के प्रति समझ विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बच सकें।
