भीषण सड़क हादसे के बाद मौत से जंग जीत गए दो युवक! कसडोल पुलिस और डायल 112 की फुर्ती ने बचाई जान
बलौदाबाजार। कसडोल थाना पुलिस और डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से एक भीषण सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों की जान बच गई। हड़हा चौक के पास हुए हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंची टीम ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए तत्काल सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से दोनों की जान बचाने में सफलता मिली। पुलिस की इस तत्परता को स्थानीय लोगों ने भी सराहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे मामलों में समय पर राहत और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना पीड़ित की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है।
कसडोल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और दुर्घटना की स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
