कोंडागांव के 110 युवाओं को मिली नई उड़ान, पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शूज़ वितरित

0

कोंडागांव। पुलिस एवं सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से कोंडागांव में दिशा अकादमी के डिफेंस सेंटर पर निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 110 अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शूज़ वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के युवाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर उनके सपनों को नई दिशा देना है।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती लता उसेंडी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता से युवा पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों में चयनित होकर अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने कहा कि कोंडागांव पुलिस युवाओं को प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं के लिए बेहतर वातावरण और निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। प्रशिक्षण के साथ आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों को भी समान अवसर मिल सके और वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।

कार्यक्रम के दौरान सभी 110 अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शूज़ प्रदान किए गए। अभ्यर्थियों ने इस सहयोग के लिए जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और कोंडागांव पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण लेकर भर्ती परीक्षाओं में सफलता हासिल करने का संकल्प लिया। कोंडागांव पुलिस ने बताया कि युवाओं के कौशल विकास, शारीरिक दक्षता और रोजगारोन्मुखी प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रशिक्षण एवं प्रेरक कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों