महासमुंद पुलिस ने नष्ट किया 38 क्विंटल से ज्यादा गांजा, 85 मामलों की ₹19.42 करोड़ की खेप खत्म
महासमुंद। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थानों में जब्त 38 क्विंटल 62 किलो 963 ग्राम अवैध गांजा का विधिवत नष्टीकरण किया। नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹19 करोड़ 42 लाख 21 हजार 650 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में भौतिक सत्यापन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बालाजी प्लांट, बेलसोंडा (महासमुंद) में संपन्न की गई। नष्टीकरण अभियान में वर्ष 2025 के 15 प्रकरण और वर्ष 2026 के 70 प्रकरण, यानी कुल 85 मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थ शामिल थे।
अभियान के दौरान अंतिम चरण में 18 क्विंटल 69 किलो 963 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹8.95 करोड़ है, का भी नष्टीकरण किया गया। इस तरह लगातार तीन दिनों तक चले अभियान में जिले में जब्त बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों का सुरक्षित और वैधानिक तरीके से निपटान किया गया।
महासमुंद पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाकर कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है।
