कोरबा पुलिस की बड़ी सफलता: लूटकांड के दो फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

0

छत्तीसगढ़ की कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित लूटकांड में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को प्रार्थी दीपक ठाकुर ने मानिकपुर सहायता केंद्र में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देर रात करीब 2:30 बजे आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और 20-22 ग्राम सोने की चेन, ₹70 हजार नकद तथा करीब ₹2 लाख मूल्य की अन्य संपत्ति लूटकर फरार हो गए थे। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की लगातार तलाश की। इस मामले में पहले एक आरोपी के खिलाफ चालान पेश किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

लगातार दबिश, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमनाथ सेनगुप्ता उर्फ सोमू और सोमनाथ अग्रवाल उर्फ सोमू अग्रवाल के रूप में हुई है।

कोरबा पुलिस ने कहा कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आदतन और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों