पलारी पुलिस का मानवीय चेहरा आया सामने, देर रात भटक रही मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को सुरक्षित परिजनों से मिलाया
बलौदाबाजार जिले की थाना पलारी पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवीय सेवा का परिचय देते हुए देर रात नगर में भटक रही एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके परिजनों से मिलाया। पुलिस की इस सराहनीय पहल की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।

जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति की दुखद मृत्यु के बाद मानसिक संतुलन खो चुकी थी और पलारी नगर में अकेले भटकती हुई दिखाई दी। सूचना मिलते ही थाना पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित संरक्षण में लेकर थाना परिसर लाई।
पुलिस ने महिला के साथ पूरी संवेदनशीलता और सम्मान का व्यवहार करते हुए सबसे पहले उसे भोजन कराया। इसके बाद देर रात तक उसके परिजनों की तलाश की गई। लगातार प्रयासों के बाद महिला की पहचान चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई।
पुलिस टीम महिला को उसके गांव लेकर पहुंची और आवश्यक सत्यापन के बाद सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी बहन को सकुशल वापस देखकर महिला के भाई की आंखें खुशी से नम हो गईं और उन्होंने पलारी पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस मानवीय पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खाकी केवल कानून व्यवस्था की प्रतीक नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता का भी दूसरा नाम है।
