महासमुंद पुलिस की अनोखी पहल: सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 100 लोगों को बांटे गए निःशुल्क हेलमेट
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए सरायपाली व्यापारी संघ के सहयोग से विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान थाना सरायपाली परिसर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 100 लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम का आयोजन महासमुंद पुलिस और व्यापारी महासंघ के संयुक्त प्रयास से किया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से ऐसे परिवारों को हेलमेट प्रदान किए गए, जिनके परिजन पूर्व में सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को हेलमेट पहनने के फायदे, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने के लिए हेलमेट का नियमित उपयोग बेहद आवश्यक है।

इस अवसर पर सभी लाभार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, स्वयं हेलमेट पहनने तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
महासमुंद पुलिस की इस पहल को लोगों ने खूब सराहा और इसे सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया। पुलिस का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।
